रामपुर। सींगनखेड़ा स्थित स्टेडियम में किक्रेट के साथ ही अन्य खेलों के लिए मैदान तैयार किया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों को अब यहां ऑनलाइन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके लिए बड़ी स्क्रीन भी लगाई जाएगी।
मंगलवार को कलक्ट्रेट में डीएम जोगिंदर सिंह व एसपी विद्या सागर मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। साथ ही खेलों के विकास एवं अवस्थापनाओं को सुदृढ़ करने, पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने और प्रोत्साहन समिति की आय वृद्धि सहित अन्य बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
डीएम ने उपक्रीड़ा अधिकारी को खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के साथ-साथ सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार कराने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़े। उन्होंने कहा कि सींगनखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को फुटबॉल, बालीवॉल, कबड्डी आदि के लिए मैदान तैयार किए जाएं। साथ ही ऑनलाइन खेल प्रशिक्षण देने के लिए एक बड़ी स्क्रीन लगाने के आदेश दिए हैं। कहा कि इससे खिलाड़ी यूट्यूब के माध्यम से विदेशी प्रशिक्षकों से भी सीख सकेंगे।
उन्होंने बीडीओ सैदनगर को क्रिकेट मैदान के अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने बमनपुरी स्टेडियम में एथलेटिक्स सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनाने के लिए नामित कार्यदायी संस्था को बजट प्राप्ति के उपरान्त कार्य शीघ्र शुरू करने के साथ ही गुणवत्तापूर्वक समय पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि खेल के साथ ही अनुशासन अति आवश्यक है। खिलाड़ियों को खेल से स्वस्थ रहने के साथ-साथ रोजगार में अवसर प्राप्त होता है। बैठक में डीपीआरओ नत्थूलाल सिंह, बीडीओ सैदनगर पीयूष वर्मा, प्रभारी युवा कल्याण एवं नंदन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बिना पहचान पत्र नही मिलेगा स्टेडियम में प्रवेश : डीएम जोगिदंर सिंह ने उप क्रीड़ाधिकारी को सख्त निर्देश दिये हैं कि स्टेडियम परिसर में बिना कार्ड के प्रवेश न दिया जाये और अराजकतत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। संवाद