हल्की हवा ने उड़ा दी जिले की बिजली, घंटों पसरा रहा अंधेरा
रामपुर।
हल्की सी हवा ने ही पूरे जिले की बिजली व्यवस्था ठप कर दी। घंटों सप्लाई बंद रही, जिससे लोग परेशान हो गए। यही नहीं पूरे दिन ओवरलोडिंग की वजह से ट्रिपिंग का सिलसिला भी बना रहा।
जिले की बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। भीषण गर्मी में हालात और बद से बदत्तर हो गए है। जैसे जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे जिले की बिजली पटरी से उतरती जा रही है। मंगलवार की ही बात की जाए तो शाम को हल्की तेज हवा क्या चली, पूरे जिले की सप्लाई ठप हो गई। शाम को सात बजे से लेकर रात को साढ़े आठ बजे तक बिजली गुल रही। यही नहीं इसके बाद भी बिजली के आने जाने का सिलसिला बना रहा। वहीं, मंगलवार को दिनभर ट्रिपिंग और लोकल फाल्ट के चलते बिजली आंखमिचौली करती है। ज्वालानगर, शाहबाद गेट, पहाड़ी गेट, रजा इंटर कालेज, किला, नवाब गेट समेत तमाम इलाकों में आपूर्ति बाधित रही। चिलचिलाती गर्मी में बदहाल बिजली व्यवस्था की वजह से लोग परेशान रहे। पूरे दिन लोग पसीना पसीना हो गए। अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि तेज हवा की वजह से सप्लाई बंद हो गई थी। हवा बंद होने के बाद आपूर्ति सुचारु करा दी गई। बताया कि ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग ज्यादा हो रही है। अवर अभियंताओं को इसमें सुधार के निर्देश दिए हैं।