रामपुर बुशहर।
प्रदेश सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निर्देशानुसार बाल विकास परियोजना रामपुर के आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरा जाएगा। इसके लिए 15 सितंबर को एसडीएम कार्यालय रामपुर में साक्षात्कार होंगे। इस संदर्भ में संबंधित आंगनबाड़ी क्षेत्र के पोषक गांवों की इच्छुक महिला उम्मीदवारों से सादे कागज पर 12 सितंबर तक आवेदन पत्र लिए जाएंगे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी रामपुर अजय बदरेल ने बताया कि सराहन के डेउ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, डंसा पंचायत के मकड़ोली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, डंसा पंचायत के शनेरी में आंगनबाड़ी सहायिका, डंसा पंचायत के सुंडा में आंगनबाड़ी सहायिका, गोपालपुर पंचायत के गौरा में आंगनबाड़ी सहायिका के पद भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए आवेदक मान्यता प्राप्त बोर्ड और संस्थान से बारहवीं या समकक्ष और आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से आठवीं या समकक्ष उत्तीर्ण होनी चाहिए। उच्च शिक्षा प्राप्त उमीदवारों को नियमानुसार अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। आवेदक की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 35 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और आय प्रमाण पत्र तहसीलदार, नायब तहसीलदार या कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा प्रमाणित होना चाहिए। आवेदक आंगनबाड़ी केंद्र के लाभान्वित पोषक गांवों की स्थायी निवासी होनी चाहिए। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।