मुरादाबाद से ठप हो गई रामपुर की बिजली
रामपुर। मुरादाबाद में मरम्मत कार्य के चलते रामपुर की आपूर्ति ठप हो गई। पूरे शहर में दिनभर बिजली व्यवस्था बाधित रही। वहीं, सीआरपीएफ गेट और आगापुर रोड पर भी तेज धमाके के साथ लाइन में फाल्ट हो गया, जिससे बिजली गुल रही। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पेयजल के लिए भी लोग तरस गए।
इन दिनों शहर की बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। ओवरलोडिंग की वजह से लाइनों में फाल्ट हो रहे हैं। गुरुवार को भी यही हुआ। सुबह करीब साढ़े छह बजे आगापुर रोड पर हाइटेंशन लाइन में तेज धमाके के साथ फाल्ट हो गया। इसके कुछ देर बाद ही सीआरपीएफ गेट के पास लाइन में फाल्ट हो गया। इससे पूरे इलाके की आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर कर्मचारियों ने मरम्मत का काम शुरू किया। दोपहर एक बजे फाल्ट ठीक हो सका, लेकिन कुछ ही देर बाद मुरादाबाद बिजलीघर में खराबी आ गई। इससे रामपुर की एक लाइन बंद हो गई। इसके चलते पूरे रामपुर की बिजली गुल हो गई। लोगों ने कंट्रोल फोन करना शुरू किया, तो पता लगा कि मुरादाबाद का काम होने के बाद ही आपूर्ति सामान्य हो सकेगी। शाम करीब चार बजे सप्लाई सुचारु हो सकी, लेकिन इसके बाद भी सिविल लाइंस, अजीतपुर, शाहबाद गेट, रजा इंटर कालेज आदि बिजलीघर क्षेत्रों में फाल्ट होते रहे, जिससे बिजली के आने जाने का सिलसिला बना रहा। अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन एके गुप्ता ने बताया कि मुरादाबाद में मरम्मत के चलते सप्लाई बाधित हो गई थी। काम पूरा होने के बाद सप्लाई चालू करा दी गई।