रामपुर। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई बैठक में जनपद के विभिन्न नगर पालिका एवं नगर पंचायतों से 14वें वित्त के अंतर्गत प्राप्त विकास संबंधी प्रस्ताव पर विस्तृृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्वच्छता एवं साफ-सफाई के लिए प्रस्तुत प्रस्ताव को मंजूरी दी तथा निर्माण कार्यों की आवश्यकता के सत्यापन की जिम्मेदारी संबंधित उपजिलाधिकारी को दी। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वेे पूर्व में विभिन्न नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में हुए निर्माण कार्यों एवं संक्रमित बीमारियों को रोकने के लिए प्रयुक्त होने वाली दवाओं के स्टॉक का भी सत्यापन करेंगे। समस्त अधिशासी अधिकारी अपने नगर क्षेत्रों में जल निकास की व्यवस्था करें तथा चोक नालियों की सफाई कराएं, जिससे जल भराव के कारण जनजीवन प्रभावित न होने पाए। निर्धारित मानकों के विपरीत पॉलिथीन की बिक्री पूर्णत प्रतिबंधित है इसके लिए औचक रूप से छापेमारी की कार्यवाही भी करते रहे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन उमेश कुमार मंगला सहित समस्त उपजिलाधिकारी तथा विभिन्न नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षगण एवं अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।