ज्यूरी (रामपुर बुशहर)।
रामपुर उपमंडल के गानवीं में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सरपारा की टीम को मात देकर नरैण टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में जिला शिमला की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष एवं राज्य कांग्रेस कमेटी की महासचिव चंद्र प्रभा नेगी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रही। उन्होंने प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उप विजेता को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के दौरान रेई मेले का भी शुभारंभ किया।
तीन दिवसीय ओपन वॉलीबाल प्रतियोगिता में शिमला, कुल्लू और किन्नौर से 25 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच नरैण और सरपारा के बीच खेला गया, जिसमें नरैण ने सरपारा को पराजित कर खिताब पर कब्जा किया। मुख्यातिथि ने विजेता टीम को 25 हजार और उप विजेता टीम को 12 हजार की नकद राशि पुरस्कार में दी। मुख्य अतिथि चंद्र प्रभा नेगी ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए युवक मंडल को 20 हजार की नकद राशि दी। बीडीसी सदस्य सुभाष नेगी ने युवक मंडल गानवीं को निजी निधि से 50 हजार की राशि खेल मैदान के निर्माण और पांच हजार की राशि युवक मंडल को दी। इस दौरान पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष रामपुर आत्मा राम केदारटा, कूट पंचायत के प्रधान विजय नेगी, काओबिल पंचायत के उप प्रधान रवि कांत, 15/20 क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश मेहता, युवक मंडल गानवीं के प्रधान शिशुपाल मेहता, उप प्रधान अशोक कुमार, सचिव अजय कुमार, महिला मंडल प्रधान गुरमा देवी, उप प्रधान इंद्रा देवी, मंदिर कमेटी के प्रधान करतार सिंह, सचिव राकेश, अमर सिंह, जगदीश, अरविंद और जोगिंद्र भी मौजूद रहे।