श्रेष्ठ हिमाचल ऐप से तुरंत पहुंचेगी घटना की सूचना
रिकांगपिओ (किन्नौर)। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र जिला किन्नौर के सौजन्य से वीरवार को रिकांगपिओ में श्रेष्ठ हिमाचल ऐप के सफल कार्यान्वयन के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को श्रेष्ठ हिमाचल ऐप के उपयोग के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
श्रेष्ठ हिमाचल ऐप से आम लोग किसी भी प्रकार की घटना जैसे अपराध, आपदा, दुर्घटना, महिलाओं से दुर्व्यवहार, आसपास की गंदगी, मार्ग अवरुद्ध और जंगल में आग लगने जैसी घटनाओं के बारे में सूचित कर सकते हैं। इस ऐप के जरिये इन घटनाओं की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारी को सीधे पहुंच जाएगी। इस ऐप में आपातकालीन संपर्क और एसएमएस सुविधा भी उपलब्ध होगी। इस ऐप से सभी सरकारी अधिकारियों की जानकारी भी उपलब्ध की जा सकती है ।
कार्यशाला में बताया गया कि कोई भी व्यक्ति किसी भी घटना की फोटो लेकर इस ऐप पर अपलोड कर सकते हैं और घटनास्थल की जानकारी सीधे संबंधित अधिकारी को जीपीएस लोकेशन द्वारा पहुंच जाएगी। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी बलवान सिंह नेगी ने इस ऐप की जानकारी व प्रस्तुति दी। कार्यशाला में कमांडेंट होमगार्ड्स, सभी खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, उपनिदेशक उच्च शिक्षा, प्रधानाचार्य डाइट और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।