रामपुर। लॉकडाउन का उल्लंघन करने के साथ ही लोग बेवजह सड़कों पर घूमने पर पुलिस ने शिकंजा कसा। बारिश रुकने के बाद पुलिस सड़कों पर उतरी और चेकिंग अभियान चलाया। पिछले 24 घंटों में पुलिस ने 11 वाहनों को सीज करने के साथ ही बिना मास्क के घूमने वालों से 1.99 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया।
कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। ऐसे में इस संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सरकार की ओर से 24 मई को सुबह सात बजे तक लॉकडाउन का एलान किया गया है। किन्तु, इसके बाद भी लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। कभी कोई तो कभी कोई अन्य बहाना बनाकर आ जाते हैं। यहां तक कि मास्क का भी प्रयोग नहीं कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस की ओर से सख्ती बढ़ा दी गई है। गुरुवार को पुलिस ने व्यापक चेकिंग की। बारिश के बाद शाम को पुलिस ने ताबड़तोड़ चालान काटे। बीते 24 घंटों की बात की जाए पुलिस ने बिना मास्क घूम रहे व्यक्तियों से लगभग 1.99 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला है। वहीं, बिना वाजिब कारण घूमते पाए जाने पर पुलिस ने 11 वाहनों को सीज किया है। उधर 149 वाहनों का चालान कर 104400 रुपये शमन शुल्क वसूला है। धारा 151 मेें 59 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जबकि 66 लोगों के खिलाफ चार मुकदमें दर्ज किए गए हैं।