नेशनल हाईवे बाईपास पर बृहस्पतिवार की रात हुए सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या दस तक पहुंच गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने रात में ही पोस्टमार्टम कराके शवों को परिजनों के हवाले कर दिया। गांव गंगापुर कदीम में शवों के पहुंचने के बाद कोहराम मच गया।
मामला केमरी थाना क्षेत्र के गंगापुर कदीम गांव से जुड़ा हुआ है। बृहस्पतिवार की रात में बारात से वापस लौटते वक्त सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अलीनगर जनूवी गांव के पास मटीज कार ट्रक से जा टकराई थी, जिससे कार में सवार गंगापुर कदीम गांव निवासी मित्रपाल समेत सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई थी।
आनन-फानन में घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेरठ भेज दिया गया था। हादसे में घायल हुए तीन और लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। पुलिस ने देर रात जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शवों को परिजनों के हवाले कर दिया। रात भर अस्पताल में पुलिस व प्रशासन के अफसर डटे रहे। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख भी पहुंच गए थे। दोपहर सभी मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतकों में आठ बच्चे शामिल हैं।