फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: पुलिस पर हमला कर सिर फोड़ा

Sun, 03 Aug 2014 08:41 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कैराना (शामली)
विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी में शामली के कैराना कसबे से नौ दिन पूर्व अपहृत दो लड़कियों में से एक की हत्या पर शनिवार को जमकर बवाल हो गया। पुलिस रवैये से नाराज भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर खदेड़ दिया। भीड़ के हमले में कोतवाल का सिर फूट गया।
विज्ञापन


लोगों ने पुलिस से शव छीनकर पांच घंटे शामली-पानीपत हाईवे जाम रखा। थाना घेर लिया गया। कई वाहनों में तोड़फोड़ और लोगों से मारपीट भी की गई। डीएम-एसपी समेत पुलिस फोर्स और पीएसी ने स्थिति को संभाला।
   
कैराना के मुहल्ला इकबालपुरा निवासी जहूर ने अपने घर रह रही अपने दामाद के भाई दिलशाद की दो बेटियों शिबा और रिजवाना का 24 जुलाई की रात डेढ़ बजे हथियारबंद लोगों द्वारा अपहरण करने का आरोप लगाते हुए 12 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार को भी जहूर ने एसपी से मिलकर कैराना पुलिस पर आरोपियों से साठगांठ के आरोप लगाते हुए पुलिस पर कार्रवाई न करने और दोनों लड़कियों की हत्या की आशंका जताते हुए कलक्ट्रेट में आत्मदाह की चेतावनी दी थी।
विज्ञापन
Trending Videos

गुस्साई भीड़ ने किया पुलिस पर हमला

शनिवार को सुबह करीब छह बजे कैराना बाईपास पर सड़क किनारे लड़की का शव मिलने की खबर पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव की शिनाख्त अपहृत शिबा के  रूप में की। लड़की को गला दबाकर मारा गया था। मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। पुलिस शव उठाकर ले जाने लगी।

इस पर भीड़ ने शव छीन लिया और थाने के एसआई सीपी कठेरिया पर आरोपियों से साठगांठ का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। गुस्साई भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया और कैराना कोतवाली प्रभारी को सीपी कठेरिया समझकर उनके सिर में डंडे मारकर घायल कर दिया। हमले में कुछ अन्य पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए।

भीड़ ने शव कैराना बाईपास पर रखकर सुबह 7.30 बजे शामली-पानीपत हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर एडीएम, एएसपी, सीओ के अलावा कई थानों की फोर्स और पीएसी मौके पर पहुंची। शव उठाने का प्रयास करने पर भीड़ ने कैराना बाईपास के पुलिस बैरियर में तोड़फोड़ की और अफसर तथा पुलिस बल को खदेड़ दिया।
विज्ञापन

सपा नेता और अफसरों ने कराया मामला शांत

सपा नेता नाहिद हसन भी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कर शव उठवाया। इसके बाद भीड़ ने कोतवाली घेर ली और कोतवाली के बाहर फिर से हाईवे जाम कर दिया। यहां से गुजर रही दो बोलेरो में तोड़फोड़ की और एक बाइक सवार को बुरी तरह से पीटा।

नाहिद हसन और कैराना पालिकाध्यक्ष राशिद ने किसी तरह लोगों के समझाकर शांत किया। इसके बाद दोपहर में जाम लोगों ने खोला।

डीएम एनपी सिंह और एसपी दिनेश चंद्र ने भी कसबे में पहुंचकर युवाओं को समझाया। एसपी दिनेश चंद्र ने बताया कि दरोगा सीपी कठेरिया पर लग रहे आरोपों के मद्देनजर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। साथ ही दूसरी अपहृत युवती की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। डीएम एनपी सिंह ने बताया कि पूरी घटना की जांच एसडीएम कैराना और सीओ शामली से कराई जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें