समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रो. रामगोपाल यादव के काफिले में शामिल गाड़ी ने एक बाइक सवार युवक को रौंद दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस आगरा ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से भड़के ग्रामीणों ने एटा मार्ग पर जाम लगा दिया और पचोखरा थाने का घेराव किया।
हंगामा बढ़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, इसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के संबंध में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
घटना रविवार अपराह्न लगभग तीन बजे की है और हादसे में मरने वाला युवक जय सिंह (32) पुत्र कांशीराम थाना पचोखरा के गांव नगला सूरज का रहने वाला था।
यह हादसा उस समय हुआ जब सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव नगला सिकंदर स्थित रामसिंह महाविद्यालय में छात्र छात्राओं को लैपटॉप बांटने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला इमलिया गांव के निकट पहुंचा, तभी काफिले में शामिल एक गाड़ी ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी।
जैसे ही युवक की मौत की सूचना मिली, ग्रामीण भड़क उठे। उत्तेजित ग्रामीण थाना पचोखरा पहुंच गए और थाने के सामने टूंडला-एटा मार्ग पर जाम लगाकर थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाते हुए जाम खुलवाने का प्रयास किया, तो ग्रामीण और उग्र हो गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
उधर सीओ टूंडला केहर सिंह राणा ने कहा कि हार्न सुनकर हड़बड़ाहट में बाइक सवार गिर गया और सिर सड़क से टकराने पर ब्रेन हेमरेज के कारण उसकी मौत होने की संभावना है। पुलिस ने लाठी चार्ज नहीं किया।