रायबरेली। जायस कोतवाली क्षेत्र में फिरौती न देने पर युवक की गला रेतकर हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया। सनसनीखेज वारदात को ऑपरेटर के बुआ के लड़के ने ही दो साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। उसके दो साथियों की पुलिस तलाश कर रही है।
जायस कोतवाली क्षेत्र के बीबीडोला मजरे मुबारकपुर मुखतिया गांव निवासी रहीसुलजमा का बेटा मकसूद (35) 15 अक्तूबर को गायब हो गया था। मकसूद के पास तीन ट्रक थे। खोजबीन के दौरान बेटे के न मिलने पर पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
परिवारीजनों का आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने उसके बेटे का अपहरण कर लिया था। फोन करके फिरौती मांग रहे थे। फिरौती के रूप में कितने रुपये देने थे, इस बारे में आरोपी कुछ नहीं बता रहे थे। फिरौती न मिलने पर उसकी हत्या कर दी।
मोहनगंज थाना क्षेत्र के कूरा गांव स्थित कुएं में सोमवार को मकसूद का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। किसी धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि मकसूद अपनी ससुराल थाना नसीराबाद क्षेत्र के गांव चांद का पुरवा मजरे हाजीपुर में रहता था। बीच-बीच में परिवारीजनों से मिलने गांव चला आता था। युवक की हत्या से उसकी पत्नी सबरुन के आंसू नहीं थम रहे हैं।
पिता भी बेटे की हत्या से गमगीन है। परिवार का कहना है कि पुलिस ने यदि तेजी दिखाई जाताी तो उसके बेटे मकसूद की जान बच जाती। अमेठी जिले के एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि युवक की हत्या में मोहनगंज थाना क्षेत्र के कूरा गांव निवासी सलीम खान को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया।
सलीम मृतक के बुआ का लड़का है। मोहनगंज थाना क्षेत्र के अहलाद मजरे कूरा गांव निवासी रईस उर्फ लल्लन और कूरा गांव निवासी संजय फरार है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपी सलीम ने बताया कि मकसूद तीन ट्रक चलवाता था। उससे कई बार मांगने पर पैसा नहीं दिया था। इस पर साथियों के साथ योजना बनाई कि हत्या करने के बाद मकसूद का पैसा लूट लिया जाएगा।
पैसों के लालच में 15 अक्तूबर को जायस कस्बे से बाइक पर बैठाकर अपने गांव के लाल मोहम्मद के नलकूप के पास ले जाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कुएं में फेंककर फरार हो गए। मृतक का मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड ले लिया।
योजना थी कि एटीएम से पैसा निकाल लेंगे, लेकिन इसके पहले ही पुलिस के हाथ लग गया। बताते हैं कि युवक के अपहरण के बाद पुलिस ने जायस कस्बे में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें युवक एक व्यक्ति के साथ जाते हुए दिखा था।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच की तो घटना का राज सामने आ गया और मर्डर का खुलासा हो गया। मृतक के साले फारुक का कहना है कि आरोपियों ने मकसूद के फोन से ही उसे फोन किया था। कहा था कि पैसा लेकर गांधीनगर आ जाओ और मकसूद को ले जाओ। फिरौती की मांग पूरी न होने पर गला रेत कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।