रायबरेली। नवरात्र में व्रत में खाने वाले खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी को रोकने के लिए सोमवार को भी एफएसडीए की टीम ने अपने-अलग क्षेत्रों में संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने सील किए। अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने बताया कि एफएसओ अरुण कुमार ने रेलकोच कारखाने के सामने स्थित रमन डेयरी का निरीक्षण किया। आशंका होने पर दूध का नमूना सील किया।
एफएसओ अमरनाथ ने राही ब्लॉक के रुस्तमपुर में बाबूलाल की दुकान से सरसों के तेल का नमूना भरा है। एफएसओ नितिन कुमार ने रुस्तमपुर में ही शिवकुमार की दुकान से छुहारा और मालिन का पुरवा में अंशु की दुकान से नमकीन का नमूना सील किया। एफएसओ रमाशंकर पटेल ने रुस्तमपुर में पुष्पेंद्र मौर्या की दुकान से वेजीटेबल ऑयल का नमूना सील किया। नमूनों को जांच के लिए विधि विश्लेषक प्रयोगशाला लखनऊ भेज दिया गया है।