शिवगढ़। महराजगंज-हैदरगढ़ मार्ग पर सोमवार देर शाम करीब सात बजे नेरथुवा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे एक युवक की मौत हो गई। एक अन्य युवक घायल हो गया। युवक की मौत से परिजनों की दिवाली की खुशियां गम में बदल गईं।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के पूरे अवस्थी मजरे बसंतपुर सकतपुर निवासी नितिन (18) पुत्र अशोक कुमार शाम को बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवक घायल हो गया। हादसे के बाद युवक बाइक छोड़कर मौके से भाग निकला।
नितिन ने हेलमेट नहीं पहना था। वह दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते थे। दिवाली की छुट्टी पर घर आए थे। हादसे से परिजनों के आंसूू नहीं थम रहे हैं। शिवगढ़ थाना प्रभारी विंध्य विनय ने बताया कि बाइक को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
पेड़ से टकराई बाइक, युवक की जान गई
गदागंज। पेड़ से बाइक टकराने से सोमवार शाम युवक की मौत हो गई। बहादुरगंज गांव निवासी दिलीप कुमार (30) शाम पांच बजे बाइक से गांव से गोड़ा गांव की तरफ जा रहे थे। गोड़ा गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर अमरूद के पेड़ से टकरा गई। इससे दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गए।
एंबुलेंस के जरिये दिलीप को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉ. ज्ञान प्रकाश सिसौदिया ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी सुमन देवी, बेटी सती, राधना के आंसू नहीं थम रहे हैं। दिलीप मजदूरी करते थे। थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है।