बछरावां। कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात ओवरब्रिज की रेलिंग से बाइक टकराने से युवक की मौत हो गई। अमेठी जिले के शाहगढ़ निवासी सूरज पांडेय (19) रात में रायबरेली के मीरगंज निवासी अपने साथी अनुभव (20) के साथ लखनऊ के नगराम से एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था।
प्रयागराज हाईवे पर बने ओवरब्रिज पर बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। बाइक चला रहा अनुभव ओवरब्रिज के ऊपर ही गिर गया लेकिन पीछे बैठा सूरज उछलकर सर्विस रोड पर जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अनुभव को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है।