सलोन। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे एक युवक पर घात लगाए बैठे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ कई वार किए और उसे मृत समझकर मौके से भाग गए। गंभीर रूप से घायल युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। इस घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
मामले में पूरे जुडावन मजरे ममुनी निवासी मोहिनी पुत्री हरिश्चन्द्र ने कोतवाली सलोन में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई अनदीप आशिकाबाद में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह बसनतगंज बाजार के पास नहर किनारे पैगम्बरपुर मजरे ममुनी पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे रोक लिया। पुलिस को दिए तहरीर के अनुसार हमलावर धारदार हथियार, लोहे की रॉड और चाकुओं से लैस थे। उन्होंने युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार वार किए।
मोहिनी ने अमित पासी, शत्रोहन पासी, राजू, राजकरन, अश्वनी, दशरथ, अमर पासी, अनुराग उर्फ लकी विराट समेत कुछ अज्ञात लोगों पर हमले का आरोप लगा कर पुलिस को तहरीर सौंपी है। कोतवाल बालेंदु गौतम का कहना है कि तहरीर के आधार पर आठ नामजद समेत कुछ अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।