बछरावां थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में एक युवक का क्षतविक्षत शव रेल ट्रैक पर मिला। सोमवार सुबह पुलिस ने छानबीन की, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस जहां घटना को आत्महत्या या दुर्घटना बता रही है। वहीं इलाकाई लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
कुंदनगंज गांव के पास लखनऊ-रायबरेली रेलखंड पर सोमवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक का क्षतविक्षत शव देखा गया। एसआई इश्तियाक वारसी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए मौजूद लोगों से पूछताछ की। आसपास के गांवों में भी पता लगाया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी।
ग्रामीणों ने हत्या कर शव ट्रैक पर फेंके जाने की आशंका जताई। जबकि पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया आत्महत्या या दुर्घटना बता रही है। दरोगा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।