रायबरेली में रविवार को डलमऊ तहसील क्षेत्र में घाट किनारे बढ़ता गंगा का जलस्तर।
- फोटो : अमर उजाला
गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी का सिलसिला नहीं थम रहा है। रविवार को जलस्तर 97.900 मीटर पहुंच गया। दिनोंदिन जलस्तर में उफान आने से कटरी क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मचा है। गंगा लाल निशान छूने को बेताब हैं।
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक चेतावनी बिंदु 98.360 मीटर के सापेक्ष जलस्तर 97.900 मीटर पहुंच गया है। वहीं शनिवार को 97.800 मीटर जलस्तर रिकॉर्ड किया गया था। पानी बढ़ने के कारण गंगा घाटों के आसपास मिट्टी की कटान तेजी से हो रही है।
यहां तक किसानों के खेत की उपजाऊ मिट्टी भी पानी में बह रही है। अंबहा, बबुरा, पूरे रेवती सिंह, चकमलिक भीटी, जहांगीराबाद, नेवादा पट्टी, भीरनपुर, रामपुर लूक गांवों में रहने वाले ग्रामीण आशंकित हैं।