रायबरेली। रेलवे स्टेशनों पर जिस ब्रांड के पानी की बोतल बेचने की अनुमति है, सिर्फ वही पानी बेचा जा सकता है। शहर के रेलवे स्टेशन रायबरेली पर 15 रुपये की रेल नीर की बोतल बेचने की अनुमति थी। बढ़ती मांग के कारण रायबरेली स्टेशन पर रेल नीर की आपूर्ति शनिवार से ठप हो गई।
जिस पर मंडलीय अधिकारियों ने दूसरे ब्रांड के पानी की बोतलें बेचने की अनुमति दी है। इसके लिए 20 रुपये खर्च करने होंगे। यह व्यवस्था 30 जून तक रहेगी, जिससे एक पखवारे तक यात्रियों को जेब ढीली करनी होगी। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म काॅरपोरेश (आईआरसीटीसी) के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक का कहना है कि 14 से 30 जून तक रायबरेली, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और शाहगंज रेलवे स्टेशनों को रेल नीर की आपूर्ति दे पाना संभव नहीं है।
इस संबंध में उत्तर रेलवे मुख्यालय को भेजे पत्र में कहा गया कि अमेठी रेल नीर संयंत्र बढ़ी हुई डिमांड के कारण आपूर्ति नहीं दे पा रहा है, अनुरक्षण के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है। इसलिए स्टेशनों पर वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाए। इस पर मंडलीय अफसरों ने दूसरे ब्रांड का पानी बेचने की अनुमति दी है।
उत्तर रेलवे लखनऊ के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि रायबरेली समेत चार स्टेशनों पर अनिवार्य रूप से रेल नीर बेची जानी चाहिए, लेकिन आपूर्ति न मिल पाने के कारण 30 जून तक दूसरे ब्रांड का पानी बेचने की अनुमति दी जाती है। इसमें मेनिया, जोवियल, किंग रायल आदि ब्रांड शामिल हैं। वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ला ने बताया कि गर्मी बढ़ने से अब रोजाना दो हजार से अधिक पानी की बोतलों की डिमांड हो रही है, जो पहले की अपेक्षा दो से ढाई गुना ज्यादा है।