ऊंचाहार कोतवाली में सोमवार को प्रदर्शन करती महिलाएं।
रायबरेली। ऊंचाहार के अरखा में महिला के खरीदे गए मकान पर कब्जा दिलाने के नाम रंगदारी वसूलने वाले कथित भाजपा नेता व पूर्व दरोगा भाई के खिलाफ महिला संगठन लामबंद हो गया है। सोमवार को संगठन की महिलाएं पीड़िता के साथ कोतवाली पहुंचीं और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। मामला दर्ज न होने पर जिला व प्रदेश मुख्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी।
इटौरा बुजुर्ग गांव निवासी कुसुम कुमारी ने एक वर्ष पहले गांव में 35 लाख रुपये कीमत का मकान खरीदा था। मकान विक्रेता ने उन्हें मकान पर कब्जा दे दिया। चार माह बाद वह दिल्ली चली गईं। कोतवाली पहुंची पीड़िता ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने मकान विक्रेता से ताला लगवा दिया।
पीड़िता ने अपने मध्यस्थ के साथ भाजपा नेता के भट्ठे पर उनसे मुलाकात की, तो नेता ने कहा अरखा गांव में बिना मेरी मर्जी कोई मकान या जमीन नहीं खरीद सकता, इसके लिए तुम्हें खर्चा देना होगा। पीड़िता ने तीन लाख रुपये भी दे दिए, लेकिन मकान पर कब्जा नहीं मिला। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार राय ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।