रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह झाड़ियों में खून से लथपथ उसका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार व अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मौका मुआयना करके पूरे मामले की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। मगर न तो मृतका की पहचान हो सकी और न ही कोई अहम सुराग हाथ लग सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की है।
ऊंचाहार क्षेत्र में नारायनपुर गांव के पास शारदा सहायक नहर का टेल बना है। मंगलवार रात टेल से थोड़ी दूर पूर्वी छोर पर नहर पटरी के किनारे लगभग 48 वर्षीय एक महिला की किसी ने गला रेतकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह नारायनपुर गांव के पास झाड़ियों में महिला का खून से लथपथ शव पड़ा देख भीड़ लग गई।
ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इस पर एसपी श्लोक कुमार, एएसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, सीओ अशोक सिंह व कोतवाल शिवशंकर सिंह ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल शुरू की। घटनास्थल पर एक गमछा, चप्पल व साइकिल की चाबी मिली है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर मौके से कुछ साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी ने बताया कि महिला का शव मिला है। उसका गला कटा हुआ है। मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
घटनास्थल पर टूटी हुई चूड़ियां पड़ी मिली हैं। मिट्टी में रगड़ के निशान भी मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला ने जान बचाने के लिए संघर्ष किया था। उसके गले पर धारदार हथियार से कई वार कर हत्या की गई है। नहर की दूसरी पटरी पर एक चप्पल मिली है। इसके चलते गांव के लोग महिला की हत्या के बाद कातिलों के नहर में कूदकर भागने की आशंका जता रहे हैं।
एसपी ने महिला की हत्या के खुलासे के लिए एसओजी प्रभारी अमरेश त्रिपाठी व कोतवाल शिवशंकर की अगुवाई में चार पुलिस टीमें लगाई हैं। पुलिस ने मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। कोतवाल शिवशंकर की मानें तो महिला की शिनाख्त के साथ ही पुलिस हत्यारों तक पहुंच जाएगी। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।