रायबरेली। ठंड बढ़ने के साथ ही जिले में सांस की समस्या और बुखार के मरीज भी बढ़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को 21 मरीजों को भर्ती कराया गया। इसमें बुखार की चपेट में आई महिला की जिला अस्पताल में मौत हो गई। ओपीडी में भी जुकाम, बुखार, सीने में दर्द और सांस की समस्या के ज्यादा मरीज पहुंचे।
बुखार की चपेट में आने के बाद बीती 11 नवंबर को नसीराबाद निवासी मंजू देवी (25) को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को महिला की मौत हो गई। इसके अलावा बुखार और सांस की समस्या के चपेट में आए, रियांश (7), पार्थ (3), दिलीप (1), अरहम (8), बिंदेश्वरी (73), तहराबानों (58), कमला (82), शांती (65), राजकुमारी (60), भारती (22), सपना (75) आदि मरीजों को भर्ती कराया गया।
उधर, ओपीडी में परचा बनवाने के बाद मरीजों ने ओपीडी कक्षों के बाहर बारी आने का इंतजार किया। दवा लेने के लिए काउंटरों पर भीड़ रही। पैथोलॉजी में ब्लड की जांच कराने के लिए भी मरीजों को परेशान होना पड़ा। हॉर्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. सलीम ने बताया कि ठंड बढ़ रही है। ऐसे में लोग एहतियात बरतें। सुबह टहलने से बचें। धूप निकलने के बाद ही टहलने जाएं।