रायबरेली में सोमवार को महिला जिला अस्पताल में नव निर्मित एनसीयू का शुभांरभ करने के बाद जायजा लेते डीएम अनुज कुमार झा, सीएमएस व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
जिला महिला अस्पताल में बन रही सिक न्यू बॉर्न बेबी केयर यूनिट का सोमवार को शुभारंभ हुआ। डीएम अनुज कुमार झा ने फीता काट कर इसका उद्घाटन किया। उद्घाटन करने के बाद उन्होंने यूनिट का जायजा लिया। वहां मिलने वाली सुविधाओं के बारे में चिकित्सकों से जानकारी हासिल की।
जिलाधिकारी ने कहा कि नवजात शिशुओं को काफी देखभाल की जरूरत होती है। इसलिए प्रसव के बाद डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी तीमारदारों को बच्चों के पालन-पोषण के बारे में जानकारी दें। बीमार बच्चों को तत्काल उपचार किया जाए।
सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि बेबी केयर यूनिट खुलने से शिशुओं के इलाज में सुविधा होगी। शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में भी मदद मिलेगी। सीएमएस डॉ. रीता भाटिया ने बताया कि यूनिट में 10 बेड हैं। जन्म के बाद शिशुओं में पीलिया, सांस लेने में परेशानी समेत अन्य गंभीर रोग ज्यादातर मिल रहे हैं।
यूनिट के खुलने से शिशुओं को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। इस मौके पर जिला अस्पताल के सीएमएस एनके श्रीवास्तव, डॉ. एनके सिंह आदि मौजूद रहे। जिला अस्पताल स्थित जिला क्षय रोग केंद्र में डीएम अनुज कुमार झा ने सोमवार को सीबीनाट मशीन का उद्घाटन किया।
इस दौरान डीएम क्षय रोगियों के इलाज में लापरवाही न करने की बात कही। जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. राज कुमार ने बताया कि करीब एक करोड़ की लागत से लगी इस मशीन से रोगियों के बलगम की जांच में सरलता होगी।
पहले बलगम जांच के लिए रोगियों को केजीएमयू लखनऊ जाना पड़ता था। अब यह जांच यहीं पर हो सकेगी। इस मौके पर सीडीओ अनूप कुमार, सीएमओ डॉ. राकेश कुमार, एसीएमओ डॉ. एसके चक आदि मौजूद रहे।