रेलवे स्टेशन पर मासूम से हुई दुराचार की वारदात के बाद एसपी जीआरपी सोनिया सिंह ने एक दरोगा समेत तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। वारदात के खुलासे के लिए रायबरेली और प्रतापगढ़ जीआरपी के अलावा जिले की सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।
रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मां और दो भाई-बहन के साथ सोई छह साल की मासूम को अगवा करके उसके साथ रेप किया गया था। पहले तो जीआरपी मामले को दबाने में जुटी रही, लेकिन वारदात जगजाहिर होने पर रविवार देर शाम जीआरपी ने केस दर्ज किया था।
रायबरेली पहुंचे आईजी जीआरपी भगवान स्वरूप श्रीवास्तव और एसपी जीआरपी सोनिया सिंह ने भी देर रात तक वारदात की पड़ताल की। रायबरेली और प्रतापगढ़ जीआरपी को आरोपी की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी। यही नहीं सीओ सिटी श्वेता श्रीवास्तव की अगुवाई में सर्विलांस टीम को भी मदद के लिए लगाया गया है।
एसपी जीआरपी सोनिया सिंह ने वारदात की रात ड्यूटी पर रहे एसआई राज कुमार, कांस्टेबल विजय कुमार तिवारी और देवेंद्र कुमार को देर रात सस्पेंड कर दिया है। एसपी ने जांच टीम को निष्पक्ष जांच कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं। सूत्रों की माने तो पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं।
जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती रेप की पीड़िता मासूम बच्ची की हालत में पहले से सुधार बताया जा रहा है। सीएमएस डॉ. रीता भाटिया का कहना है कि बच्ची स्थिति अब पहले से काफी ठीक है। वह होश में आ गई है। इलाज अभी चल रहा है।
एसपी जीअाआरपी साोनिया सिंह ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच में तीन टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करके घटना का खुलासा किया जाएगा।
अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में गोवंश के शव पाए जाने के मामले में एक और सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि बालदास मजरे कमई गांव के पास रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गोवंश के शव पाए गए थे। इससे गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन किया था।
सूचना पर अमेठी डीएम चंद्रकांत और एसपी हीरालाल मौके पर पहुंचे थे। इस मामले में लापरवाही पाए जाने पर सिपाही श्याम बहादुर यादव को सस्पेंड कर दिया गया था। सोमवार को थाने पर तैनात सिपाही रामकुमार शुक्ला को भी निलंबित कर दिया गया। थानेदार रामराघव सिंह का कहना है कि जांच कराई जा रही है। गोवध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।