आरडीए अवैध निर्माणों पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। खोवा मंडी में बन रहीं बिल्डिंगों को सील करने का नोटिस जारी किया गया है। कई दिन से चल रहे काम को क्षेत्रीय अवर अभियंता नजरअंदाज करने में लगे रहे।
अफसरों की निगाह पड़ी तो सील करने का नोटिस जारी किया गया। गौरतलब है कि आरडीए की ओर से करीब दो महीने पहले 15 बिल्डिंग को सील करने का नोटिस जारी किया गया था।
तत्काल पांच बिल्डिंगों पर कार्रवाई करने के बाद अन्य को छोड़ दिया गया। विभागीय अफसरों ने सांठगांठ करके कंपाउंडिंग शुल्क जमा कर निर्माणकर्ताओं को कार्य करने की पूरी छूट दे दी है।
हालत यह है कि सबसे व्यस्ततम बाजार खोवा मंडी, सब्जी मंडी, कैपरगंज, गुरुनानक नगर में एक के बाद एक करके कई इमारतें बनती जा रही हैं। इन पर कार्रवाई के बजाए अफसर चुप्पी साधे हुए हैं।
आरडीए सचिव एवं एडीएम प्रशासन एससी चौधरी ने खोवा मंडी में तारिक इकबाल, नदीम इकबाल और रजिया बेगम की निर्माणाधीन बिल्डिंग को सील करने का नोटिस जारी कर दिया है।
मुख्य अभियंता एसके सिंह का कहना है कि अवैध निर्माण संबंधी रिपोर्ट अवर अभियंताओं से मांगी जाती है। इसके बाद ही लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।