उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा
- फोटो : amar ujala
उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती श्रमिकों की सेहत देखने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि इलाज में पूरा खर्च देंगे। किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। प्रदेश सरकार मृतकों के परिवारीजनों और झुलसे श्रमिकों के साथ है। डिप्टी सीएम ने झुलसे श्रमिकों को 50-50 हजार रुपए का चेक दिया।
एनटीपीसी हादसे के बाद गुरुवार को डिप्टी सीएम ऊंचाहार व जिला अस्पताल पहुंचे। यहां भर्ती अनिल कुमार, हंसराज और इंद्रपाल से मुलाकात की। तीनों श्रमिको को 50-50 हजार रुपए का चेक दिया। उप मुख्यमंत्री सीएमओ डॉ. डीके सिंह और सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव से भर्ती श्रमिकों के इलाज के बारे में जानकारी ली।
डिप्टी सीएम ने सीएमओ से कहा कि वे प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती श्रमिकों को देखें और उन्हें मिल रहे इलाज के संबंध में भी देखें। यदि ठीक तरीके से इलाज न हो रहा हो तो उन्हें दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराएं। इलाज में जो भी खर्च होगा उसे सरकार देगी। श्रमिकों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इसके पहले प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी भी झुलसे श्रमिकों से मुलाकात करने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। डिप्टी सीएम सिमहैंस अस्पताल में भर्ती रोगियों से भी मिले। श्रमिक ओम प्रकाश, रूपचंद्र, राजेश कुमार, अरविंद कुमार को 50-50 हजार रुपए का चेक दिया और बेहतर इलाज कराने का वादा किया।