घुरवारा क्षेत्र के पूरे सिकरवारन मजरे रायपुर टप्पा हवेली गांव में कटी नरेंद्रपुर बाई माइनर।
घुरवारा। नरेंद्रपुर बाई माइनर की पटरी कटने से आसपास के खेतों में पानी भर गया। लगातार बहाव के चलते पानी गांव तक पहुंच गया है। दो दिन बाद भी कटान बंद नहीं होने से ग्रामीणों में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी है। किसानों ने बताया कि इसके पहले भी इसी जगह पर कई बार पटरी कट चुकी है। इसके बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बेलाभेला रजबहे से नरेंद्रपुर बाई माइनर निकली है। पूरे सिकरवारन मजरे रायपुर टप्पा हवेली गांव के पास शुक्रवार रात पटरी कट गई। इससे पानी खेतों में भरने के बाद गांव तक पहुंच गया। लोगाें को चिंता है कि यदि पानी नहीं रोका गया, तो घर के अंदर घुस जाएगा। शिवशंकर, लालबहादुर, गुलाब सिंह ने बताया कि टेल तक पानी पहुंचने के लिए क्षमता से अधिक छोड़ दिया जाता है। इससे पटरी कट जाती है।
मोतीलाल, बैजनाथ, अशोक, पवन, महेश, रामसजीवन ने बताया कि डेढ़ महीने पहले भी इसी जगह पटरी कटी थी। कहा कि कई सालों से पटरियों की मरम्मत नहीं कराई गई। सिल्ट सफाई के नाम पर खानापूर्ति की जाती है। अवर अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि माइनर का पानी रोकवा दिया गया है। जल्द कटान को बंधवाया जाएगा।