भांव ग्राम पंचायत में करीब 35 साल पहले पानी की टंकी बनी थी। अब इससे बाकी ग्राम पंचायतों और उसके 20 पुरवों में पानी नहीं पहुंच रहा। दो मोटरों में एक महीनों से खराब है। टंकी पर कर्मचारी की तैनाती है, लेकिन कभी कोई आता नहीं । ग्रामीण खुद मोटर चलाकर टंकी भरते हैं।
बेलाभेला ग्राम पंचायत के बेंद गांव में पानी की टंकी तो बना लेकिन अभी तक पूरी सप्लाई लाइन नहीं बिछायी गयी। इसी कारण बेंद, अजरहा, बैसन का पुरवा, नथईपुर, दूली का पुरवा, हमीरमऊ सहित 10 पुरवों में अभी तक पानी नहीं पहुंचा है। पूरी पाइप लाइन न बिछने से जगह-जगह लीकेज के कारण पानी बह कर बेकार होता है।
राही (रायबरेली)। गर्मी शुरू हो जाने के बाद भी क्षेत्रीय निवासियों को पेयजल की परेशानी से छुटकारा दिलाने को लेकर जिम्मेदार उदासीन है। इसका खामियाजा आने वाले समय में तीस हजार से अधिक की आबादी को भुगतना पड़ेगा। राही ब्लॉक क्षेत्र की 73 ग्राम पंचायतों की दो लाख आबादी के बीच पेयजल सप्लाई को चार पानी की टंकियां हैं लेकिन किसी भी लीकेज तो कही मोटर खराब पड़े होने और सप्लाई लाइन बदहाल पड़ी है।
सबसे खराब हालत भांव गांव में बनी पानी की टंकी की है। यहां पर एक मोटर खराब है, तो दूसरी सही है। पाइप लाइनें पूरी तरह ध्वस्त हो गई। इस टंकी से भाव, पूरे फजा का पुरवा, पूरे मतौली, पूरे महिपत, रामलीला मैदान, काटीहार, रेवरी, मादी, पूरे चेतलाला, सिरिहरा, कनौली, चकबल्लीहार, जमालपुर, पूरे गनेसी, एकौना, चकबलिहार, पूरे कुर्मी आदि गांवों को पानी की सप्लाई होती थी, लेकिन आज केवल भांव गांव में ही पानी पहुंच रहा है।
इसी तरह बेलाखारा गांव की पानी टंकी से एक गांव को पानी की आपूर्ति होती है। बाकी गांव में अभी पाइप लाइन बिछाई जा रही है। जहां बिछ गई, वहां भी पानी नहीं पहुंच रहा है।
30 हजार की जगह चंद को ही पेयजल आपूर्ति
ब्लॉक क्षेत्र की पानी की टंकियों के निर्माण और लाइन बिछाने में करोड़ों फूंक दिए गए लेकिन हर घर तक पानी नहीं पहुंच पाया। जल निगम के अफसरों की लापरवाही के कारण मरम्मत व निगरानी कार्य न होने से इलाके में गर्मी शुरू होते ही पेयजल का संकट मंडराने लगा है। इसके चलते जिन पानी की टंकियों से तीस हजार की आबादी को पानी मिला चाहिए था वह सिर्फ चंद गांवों के लोग तक सिमटा है।
जहां दिक्कत है, वहां दूर होगी समस्या
राही ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन पानी की टंकी का कार्य जल्दी पूरा करके ग्रामीणों को आपूर्ति किए जाने के सख्त आदेश दिए गए हैं। बेलाखारा व बेलाभेला (बेंद) गांव में बनी टंकी से ग्रामीणों को कनेक्शन देने के लिए लाइन बिछाई जा रही है। कई गांवों में लाइन बिछ गयी है। बाकी गांवों में कार्य पूरा कराया जा रहा है। भांव गांव की टंकी और लाइन की हालत खराब है। जल जीवन मिशन योजना में भांव गांव की टंकी को शामिल कराकर उसका जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
-सनी सिंह, एक्सईएन जल निगम