माइनर कटने से सलोन ब्लाॅक के उच्च प्राथमिक विद्यालय टिकरिया में भरा पानी।
डीह (रायबरेली)। सलोन क्षेत्र से होकर निकली माइनर की पटरी कटने से न सिर्फ खेतों में पानी भर गया, बल्कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पानी भर गया। जलभराव के कारण बच्चों को पानी के बीच से होकर अपने कक्ष तक पहुंचना पड़ा। कुछ बच्चे लौट भी गए। ग्रामीणों के सहयोग से माइनर को बंधवाया गया।
बराडीह के गांव के पास पारी माइनर निकली है। रात में माइनर की पटरी कट गई। इससे आसपास करीब 10 बीघा खेत में पानी भर गया। बहाव तेज होने के कारण पानी पूर्व माध्यमिक विद्यालय टिकरिया तालुके परिसर में घुस गया। सुबह जब बच्चे विद्यालय पहुंचे, तो परिसर में पानी भरा मिला। कुछ बच्चे अपने कक्ष तक पहुंचे तो कुछ घर लौट गए।
किसान रामकेस, रामकरन, अविनाश ने बताया कि नहर की पटरी जर्जर है। ठीक से सफाई नहीं होने से माइनर की पटरी कट गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शत्रोहन ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से कटान को बंधवाया। इसके बाद पानी विद्यालय से बाहर निकाला गया। प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने बताया कि विद्यालय में पानी भरने से शिक्षण कार्य में परेशानी हुई। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता मिथुन ने बताया कि रात में किसानों ने नहर की पटरी काट दी थी। इसकी वजह से कटान ज्यादा हो गई।