डीह (रायबरेली)। ब्लॉक मुख्यालय पर प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति को लेकर सचिवों के साथ बीडीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को समीक्षा बैठक की।
बैठक में आवासों के निर्माण की खराब प्रगति मिलने पर नाराजगी जताई और सचिवों को एक सप्ताह के भीतर प्रगति रिपोर्ट सुधारने के आदेश दिए। प्रगति न सुधरने पर वेतन रोकने के साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि देने की चेतावनी दी है।
ब्लॉक सभागार में समीक्षा बैठक में बीडीओ ने सभी पंचायतों में आवासों की प्रगति की समीक्षा की। वर्ष 2021 के 41 आवास और 2022 के 104 आवास अभी तक न पूर्ण मिलने पर नाराजगी जताई।
फागूपुर गांव में तीन मुख्यमंत्री आवास लाभार्थियों को दिए गए, लेकिन एक का भी निर्माण पूरा नहीं हुआ। बीडीओ ने सचिव रामेश्वर गुप्ता को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में आवास पूर्ण नहीं हुए है उन गांवों के सचिव एक सप्ताह के भीतर आवास निर्माण पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
चेतावनी दी कि आवास पूर्ण न मिलने पर वेतन रोकने के साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि भी दी जाएगी। बैठक में दीपचंद, आशीष यादव, शिशिर सिंह, सुशील कुमार, रामेश्वर गुप्ता, पप्पू लाल व एडीओ राममिलन चौधरी, मौजूद रहे।