लालगंज सीएचसी में मृतक रमेश के गमगीन परिजन।
लालगंज। पूरे काली मजरे उत्तरागौरी गांव में बुधवार शाम कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर रमेश कुमार (52) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की।
गांव निवासी चौबे प्रसाद के पुत्र रमेश कुमार राजमिस्त्री थे। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे वह अपने घर की कच्ची दीवार के पास खोदाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार उनके ऊपर गिर गई और वह मलबे में दब गए। परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में रमेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी की इमरजेंसी में तैनात डॉ. कुमार विमल ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई थी। हालांकि, परिजन शव लेकर घर चले गए। सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर रमेश की मौत हुई है। हादसे की जांच कराई जा रही है।