रायबरेली। जो परिवार आरोपी वैभव तिवारी को घर के सदस्य जैसा मानता था, उसी ने महज 15 हजार रुपये का कर्ज चुकाने के लिए शिक्षक की पत्नी स्वप्निल की हत्या की थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद शनिवार को आरोपी को जेल भेज दिया। शहर के रामजीपुरम बस्तेपुर में शिक्षक अभिनव तिवारी के घर पर शुक्रवार को हुई वारदात के बाद मातम पसरा रहा। दूर के रिश्ते में भतीजा लगने वाले और मोहल्ले के ही चंद्रमौलि उर्फ वैभव तिवारी ने शिक्षक की पत्नी स्वप्निल (40) की हत्या को अंजाम दिया था।
घटना के समय अभिवन स्कूल गए थे, जबकि उनकी बेटी अनुषा तिवारी स्कूल गई थी। इस दौरान घर पहुंचा आरोपी लूटपाट करने लगा। इसका विरोध करना ही स्वप्निल की हत्या की वजह बनी। शोरशराबा होने पर मोहल्लेवालों की सजगता से आरोपी वैभव को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन गेम में 15 हजार रुपये हार गया था। उस पर कर्ज चुकाने का दबाव था। रुपये के इंतजाम नहीं हो पा रहा था। इस लिए तीन दिन से शिक्षक के घर पर लूटपाट की योजना बना रहा था।
उसे मालूम था कि अभिनव स्कूल गए होंगे, जबकि बेटी स्कूल। घर पर चाची अकेली होंगी। जब वह घर पहुंचा तो चाची स्वप्निल चाय बनाने किचन में चली गई। इस बीच वह अलमारी में रखे पैसे चुराने लगा। अचानक कमरे में पहुंची चाची जब विरोध कर शोर मचाने लगी तो, उसने चाची की हत्या कर दी। वैभव ने बताया कि वह चाची का मारना नहीं चाहता था।
दोनों परिवार मूलरूप से प्रतापगढ़ जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के ककरिहा गांव के रहने वाले थे। बीते काफी समय से दोनों परिवार रामजीपुरम बस्तेपुर में आकर रहने लगे। दोनों परिवार के लोग एक दूसरे को बहुत मानते थे। स्वप्निल और परिवार के सदस्यों को क्या मालूम था कि वैभव मात्र 15 हजार रुपये के लिए उनके विश्वास का गला घोट देगा। वारदात के बाद से परिवार ही नहीं, बल्कि आसपास के लोगों की जुबां पर भी यही शब्द है कि वैभव ऐसा करेगा ऐसा सपने में भी नहीं सोचा था। सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि पूछतांछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
सिर में चोट लगने से हुई थी स्वप्निल की मौत
शिक्षक की पत्नी स्वप्निल की हत्या गला दबाकर नहीं, बल्कि सिर में चोट लगने से हुई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में तीन चोटें लगने की पुष्टि हुई है। सिर में चोट लगने से स्वप्निल कोमा में चली गई थी। यही चोट बाद में उनकी मौत का कारण बनी। पुलिस अफसरों का कहना है कि आरोपी ने शोर मचाने पर लात-घूसों से पिटाई करके स्वप्निल को जमीन पर पटक दिया होगा। इसी से सिर में गंभीर चोट आई होगी।