परशदेपुर (रायबरेली)। नसीराबाद थाना क्षेत्र में बुधवार को अवैध असलहे के साथ एक पूर्व प्रधान की पत्नी का फोटो वायरल हुआ है। फोटो में पूर्व प्रधान की पत्नी असलहे का प्रदर्शन कर रही हैं। पुलिस जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
अवैध असलहे के साथ वायरल हुआ फोटो नसीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बभनपुर के पूर्व प्रधान श्याम बहादुर सिंह की पत्नी का बताया जा रहा है। वायरल फोटो में दिख रहा है कि किसी कार्यक्रम के दौरान महिला ने अवैध असलहे का प्रदर्शन किया था।
वहीं पूर्व प्रधान श्याम बहादुर सिंह ने बताया की राजनीति के तहत मुझे फंसाया जा रहा है। फोटो को एडिट कर विरोधियों ने वायरल कराया है। फोटो में साफ दिख रहा है कि फोटो एडिट की हुई है।
यह विरोधियों की चाल है। नसीराबाद थानेदार राजकुमार पांडेय ने बताया कि पूर्व प्रधान की पत्नी का अवैध शस्त्र के साथ वीडियो वायरल होने की जानकारी हुई है।
पुलिस पूर्व प्रधान के घर गई थी, लेकिन वहां पर न तो पूर्व प्रधान मिले और न ही उनकी पत्नी। पूछताछ और पड़ताल के बाद ही पूरे प्रकरण की असलियत सामने आएगी। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो एक साल पुराना बताया जा रहा है।