अधिकारियाें को गुमराह कर वीडीओ, प्रधान, और तकनीकी सहायक ने कागजों पर ही खड़ंजा निर्माण करा दिया। इतना ही नहीं 98 हजार 580 रुपये का फर्जी बिल बाउचर लगाकर भुगतान भी करा लिया गया। सीडीओ ने इसकी जांच की, तो कहीं पर खड़ंजा मिला ही नहीं।
इस पर उन्होंने तीनों पर एफआईआर के आदेश दे दिए। धन रिकवरी कराने को भी कहा है। मामला लालगंज तहसील क्षेत्र के अम्बारा पश्चिम गांव का है। वीडीओ रूद्र प्रताप सिंह, प्रधान बबलू सिंह व तकनीकी सहायक अरविंद पांडेय ने खड़ंजा निर्माण के नाम पर 98 हजार 580 रुपये मनरेगा से खर्च कर दिए।
सीडीओ हरीराम ने जांच कराई, तो दर्शाए गए स्थल गांव के रामपाल मास्टर घर के सामने कोई खड़ंजा नहीं मिला। सीडीओ के निर्देश पर डीसी मनरेगा अनिल कुमार सिंह ने लालगंज के कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा को पत्र जारी कर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कराने और धनराशि रिकवरी करने का आदेश दिया है।
उधर कार्यक्रम अधिकारी एवं बीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि पत्र मिला है। कार्रवाई की जाएगी।