रायबरेली। ट्रैफिक ब्लॉक की वजह से शुक्रवार को गोरखपुर लौटने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस को रायबरेली में 20 मिनट से अधिक रोकना पड़ा। इसके अलावा इंटरसिटी एक्सप्रेस की रफ्तार धीमी रही, जिससे ट्रेन की लेटलतीफी बढ़ी। गंगागंज-रायबरेली रेलखंड पर ट्रैक पर कराए जा रहे काम की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। हालांकि काम पूरा होते ही रेल यातायात सामान्य हो गया।
रायबरेली से गंगागंज स्टेशन के बीच करीब छह किमी के ट्रैक पर पैकिंग मशीन से काम कराया गया, ताकि ट्रैक की खामियों को दूर कर उसे मानक के अनुरूप दुरुस्त किया जा सके। यह काम अप लाइन पर कराया गया, जिससे लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा।
प्रयागराज से गोरखपुर जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस एक मिनट विलंब से रायबरेली पहुंची, लेकिन उसे रोक लिया गया। यह ट्रेन लखनऊ की ओर रवाना हुई तो 21 मिनट लेट हो गई। इसी तरह प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पहले से ही नियंत्रित की जाती रही, जिससे यह ट्रेन पौन घंटे से ज्यादा विलंब से पहुंची।
वरिष्ठ खंड अभियंता (रेलपथ) विजय कालरा ने बताया कि रायबरेली-गंगागंज रेलखंड में ट्रैक पर पैकिंग मशीन से काम कराने के लिए दो घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया।