रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह सहित 21 हजार लोगों ने शुक्रवार को टीका लगवाया। हालांकि वैक्सीन खत्म होने के कारण जिले में शनिवार को टीकाकरण प्रभावित रहेगा। जिन सेंटर पर कुछ वैक्सीन बची है, वहीं लोगों को टीके लगाए जाएंगे।
एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि शहर को दो हजार वैक्सीन दी गई थी। पूरी की पूरी वैक्सीन खत्म हो गई है। सदर विधायक अदिति सिंह ने अपनी मां वैशाली सिंह के साथ जिला अस्पताल के महिला स्पेशल सेंटर पर पहुंचकर टीका लगवाया। महिला स्पेशल सेंटर पर 70 लोगों को टीके लगाए गए।
जिला अस्पताल में कुल 500 लोगों में टीकाकरण हुआ। इसकेे अलावा आईएमए में 480, शहरी पीएचसी गोराबाजार व देवानंदपुर में दो-दो सौ टीके लगाए गए। शहर के अंबेडकरनगर में 100, कल्लू का पुरवा में 150, बरवारीपुर में 150 और बीएसए कार्यालय में 100 लोगों को टीके लगाए गए। वैक्सीन न मिलने के कारण शनिवार को टीकाकरण प्रभावित रहेगा।