रायबरेली। कोरोना से लोगों को बचाने के लिए वैक्सीन की कमी कुछ हद तक दूर होगी। रविवार को 14 हजार डोज वैक्सीन यहां पहुंच गई। इससे सोमवार से ग्रामीण अंचलों के साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन लग सकेगी। वैक्सीन समाप्त होने के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अस्पताल पहुंचने पर बैरंग घर लौटना पड़ रहा था।
वैसे तो जिले में कोरोना के केस अब सामने नहीं आ रहे हैं, लेकिन कोरोना से बचाने के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण का कार्य कराया जा रहा है। इधर, वैक्सीन की कमी से हर दिन टीकाकरण प्रभावित हो रहा था।
टीका न लगने से लोगों को परेशानी हो रही थी। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि रविवार को 14 हजार डोज वैक्सीन की आ गई है। जिला अस्पताल, सीएचसी-पीएचसी के अलावा क्लस्टर टीमें गांवों में जाकर लोगों को कोरोना टीका लगाएंगी। उन्होंने बताया कि अब वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। लोग अस्पतालों में पहुंचकर कोरोना टीका लगवा सकते हैं।