खीरों। थाना क्षेत्र के मानपुर मजरे अतरहर गांव के पास बृहस्पतिवार की रात अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब वह उन्नाव से ईंट उतारकर वापस लौट रहा था।
अतरहर गांव निवासी सनोज कुमार लोधी (28) पुत्र मोहनलाल लोधी गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक ईंट भट्ठे में ट्रैक्टर चालक थे। बृहस्पतिवार की शाम सनोज कुमार ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट लादकर उन्नाव के एक गांव छोड़ने गए थे। वापस लौटते समय अतरहर-नेवती मार्ग पर मानपुर मजरे अतरहर गांव के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। इसके नीचे दबकर सनोज कुमार की मौत हो गई। जेसीबी से ट्रैक्टर को उठाकर उसके नीचे दबे सनोज कुमार को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया।
घटना से मृतक की पत्नी शिवकांती, पुत्री दीपांशी, प्रियांशी, पुत्र शिवांश, मां रामलली, पिता मोहनलाल का रो-रोकर हाल बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।