शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बांदा-बहराइच राजमार्ग पर रविवार की दोपहर प्यामखेड़ा गांव के किसान को बचाने में एक टैंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उस पर सवार मासूम की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। टैंपो सवार गंगा स्नान करने के बाद अपने-अपने घर लौट रहे थे।
गणेशगंज मजरे भवानीगढ़ निवासी श्याम पांडेय, अपनी मां मीना व पत्नी सोनम पांडेय व बेटी श्रेया के साथ गंगा स्नान करने गए हुए थे। गंगा स्नान कर वापस आ रहे थे। इसके अलावा टैंपो में अन्य सवारियां बैठी थीं। बांदा-बहराइच मार्ग स्थित प्यामखेड़ा के पास एक सिर पर बोझ पुवाल लेकर सड़क पार कर रहे व्यक्ति को बचाने के चक्कर में टैंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जाकर पलट गया।
टैंपो पलटने से श्याम पांडेय की आठ माह की बेटी श्रेया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी सोनम पांडेय, मां मीना पांडेय व टैंपो पर सवार बिट्टो (45), रामलली (60), रेखा (35), सुशीला (30) निवासी भवानीगढ़ घायल हो गए। घायलों को सीएचसी शिवगढ़ में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष रामकृपाल सिंह ने ने बताया कि मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।