भीड़ से युवकों को छुड़ाती पुलिस
- फोटो : संवाद
यूपी के रायबरेली में बीती रात बाइक सवार दो युवकों को चोर बताकर उनकी लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की गई। दोनों युवक गिड़गिड़ाते रहे। लेकिन, लोगों ने दोनों को पीटना बंद नहीं किया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ के चंगुल से किसी तरह दोनों युवकों को बचाकर सीएचसी में भर्ती कराया। घटना से दोनों युवक डरे और सहमे हुए हैं। घटना की तहरीर अभी नहीं मिली है।
घटना सलोन क्षेत्र के बसंतगंज बाजार की है। यहां पदमपुर निवासी शिवमूरत उर्फ राजकुमार पुत्र राम नरेश मौर्या और सुरेश पुत्र दशरथ रायपुर सवैया थाना ऊंचाहार में मिष्ठान और बेकरी की दुकान पर काम करते हैं। शिवमूरत के गांव में सुरेश की रिश्तेदारी है। बृहस्पतिवार की रात दोनों युवक बाइक से पदमपुर लौट रहे थे।
कोतवाली पुलिस युवकों को सीएचसी ले गई
इनकी बाइक हनुमानगंज के समीप खराब हो गई। बसंतगंज बाजार स्थित नहर के समीप पहले से लाठी डंडा लिए मौजूद तीन दर्जन से अधिक लोगों ने बाइक सवार युवकों को चोर बताकर घेर लिया।इसके बाद बंधक बनाकर उनकी जमकर पिटाई की। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस युवकों को सीएचसी ले गई।
तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा
सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि चोर बताकर लोगों ने दो युवकों को पीटा है। दोनों युवक दुकान से घर लौट रहे थे। उन्हें सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।