राही (रायबरेली)। दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में बाइक सवार पूर्व प्रधान के बेटे समेत दो युवकों की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। भदोखर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी करन (24) पुत्र रामफेर अपने साथी विशाल यादव (22) के साथ बुधवार रात किसी काम से भुएमऊ की तरफ जा रहे थे। वहीं भुएमऊ गांव निवासी दीपक (23) पुत्र देशराज किसी काम से रायबरेली की तरफ जा रहे थे।
रायबरेली-परशदेपुर रोड पर शारदा सहायक नहर के पास बाइकें आपस में टकरा गई। इससे सभी सड़क पर गिर गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान करन और दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं विशाल की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि बाइकों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
तेज रफ्तार बन गई काल
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक युवक तेज स में बाइकें चला रहे थे। शारदा सहायक नहर के पास मोड़ है। तेज रफ्तार होने के चलते युवक बाइक संभाल नहीं पाए और टक्कर हो गई। इससे दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि शारदा सहायक नहर के पास मोड़ होने की वजह से आए दिन हादसे होते हैं।
भुएमऊ के पूर्व प्रधान का बेटा था दीपक
मृतक दीपक भुएमऊ गांव के पूर्व प्रधान देशराज का बेटा था। वह लकड़ी ठेकेदार थे। उनकी शादी हो गई थी। दो बच्चे भी हैं। दीपक की मौत की खबर सुनकर देशराज बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। होश आया तो दहाड़े मारकर रो पड़े। वहीं मृतक करन वाहन चालक थे। उनकी शादी अभी नहीं हुई थी। बेटे की मौत से मां राजकुमारी के आंसू नहीं थम रहे हैं। मां बताती हैं कि बेटे की जल्द शादी तय होने वाली थी।