रायबरेली। जिले में सोमवार को सलोन और भदोखर थाना क्षेत्र में हुईं सड़क दुर्घटनाओं में फौजी और कपड़ा व्यवसायी की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सलोन निवासी विकास रस्तोगी, अखिलेश रस्तोगी, समित रस्तोगी और जितेंद्र रस्तोगी रविवार शाम टहलकर घर लौट रहे थे। एसडीएम ऑफिस के समीप तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने कपड़ा व्यवसायी विकास और अखिलेश को जोरदार टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने घायलों को पीएचसी सलोन में भर्ती कराया। जहाँ डाक्टर नायक ने विकास को मृत घोषित कर दिया। भदोखर थाना क्षेत्र गदियानी गांव के पास रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे पर आजमगढ़ से रायबरेली की तरफ आ रही कार को डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी।
इससे कार सवार फौजी सुजीत सिंह (44) निवासी बुद्धेश्वरण, लखनऊ की मौके पर मौत हो गई। वहीं अवनीश (17) निवासी राजनी खंड शारदानगर लखनऊ गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मूल निवास आजमगढ़ है, वहां से लखनऊ वापस जा रहे थे।
एसओ राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीसीएम को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में कार की टक्कर से बालिका घायल हो गई, जबकि भैंस मर गई।
नई बस्ती मजरे पखरौली गांव निवासी शिव कुमार मौर्या की 12 वर्षीय पुत्री नैंसी सोमवार को मवेशी चराकर घर वापस आ रही थी। तेज रफ्तार आ रही कार बालिका और एक भैंस को टक्कर मार दी। इससे नैंसी गंभीर रूप से घायल हो गई।
वहीं भैंस की मौके पर मौत हो गई। उसे सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी श्रीराम ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।