तिलोई-फुरसतगंज (रायबरेली)। अमेठी जिले के मोहनगंज व जायस कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। मोहनगंज थाना क्षेत्र के चिरैधा मजरे अलाईपुर निवासी बैजनाथ (50) अपने साथी श्यामलाल (35) के साथ बाइक से ओनडीह जा रहा थे।
प्राथमिक विद्यालय अलाईपुर के निकट जगदीशपुर की तरफ से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बैजनाथ की मौके पर मौत हो गई जबकि साथी श्यामलाल गंभीर रूप से घायल हो गई। एसओ जावेद इकबाल ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
उधर, जायस कोतवाली क्षेत्र के बारबंडी मजरे ओदारी गांव निवासी रजऊ (65) गांव के निकट ओदारी बाजार गई हुई थी। खरीददारी करके घर वापस आते समय बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जिला अस्पताल रायबरेली में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पहले उसके पति की मौत हुई थी। कोतवाली प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)