अमावां (रायबरेली)। मिल एरिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर डिघिया गांव के पास गड्ढे होने से बेकाबू होकर मौरंग लदा ट्रक एक होटल के निकट पलट गया। इससे होटल संचालक व 11 वर्षीय बालक मौरंग में दब गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई थी।
ट्रक चालक व क्लीनर को भी चोटें आई है लेकिन दोनों मौके से फरार हो गए। गुस्साए लोगों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मामला शांत कराया। हादसे की वजह से एक घंटे तक आवागमन भी प्रभावित रहा।
सोमवार सुबह एक ट्रक मौरंग लादकर रायबरेली से सुल्तानपुर की तरफ जा रहा था। डिघिया गांव के पास हाईवे पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, सड़क एकदम से खस्ताहाल है। इसी वजह से ट्रक बेकाबू होकर एक होटल के निकट पलट गया। डिघिया गांव निवासी रफीक (55) और मैनूपुर निवासी शिवा (10) मौरंग के ढेर में दब गए।
आसपास के लोगों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर मौरंग में दबे होटल संचालक और बालक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद दुर्घटना स्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में ट्रक चालक व क्लीनर को भी चोट लगी है लेकिन दोनों मौके से फरार हो गए। दो लोगों की मौत से स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया और कहा कि खस्ताहाल सड़क की वजह से हादसा हुआ है। जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
हादसे की जानकारी होते ही मिल एरिया के अलावा भदोखर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतक रफीक होटल में चाय आदि बेचकर अपना परिवार चलाता था। वहीं मृतक शिवा के पिता की घटनास्थल के पास ही पान की दुकान है। शिवा भी दुकान पर आया था तभी हादसे का शिकार हो गया। थानेदार बृजेश राय का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।