लालगंज। विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा और हवाई टिकट देकर लोगों से धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों न्यू बैसवारा टूर एंड ट्रैवल्स से जुड़े थे। आरोपियों के पास से दो लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, दो पासपोर्ट समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर करीब 100 लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि पीड़ित सूर्यपाल यादव ने वर्ष 2025 में लालगंज कोतवाली में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान रविवार सुबह करीब सात बजे लालगंज-डलमऊ मार्ग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें बिहार के सिवान जिले के मटुक छपरा, बड़कागांव निवासी किशन कुमार मिश्रा और कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के विशुनपुर बरियापट्टी निवासी अमित कुमार तिवारी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, दो पासपोर्ट, छह एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक मतदाता पहचान पत्र और 3,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक कार भी कब्जे में ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सूर्यपाल यादव को अजरबैजान और रूस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके लिए उनसे 40 हजार रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नकद लिए गए। इसके बाद उन्हें फर्जी वीजा और हवाई टिकट दे दिए गए। जब सूर्यपाल यादव संबंधित कार्यालय पहुंचे तो वह बंद मिला। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला।
सीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 100 लोगों से लाखों रुपये की ठगी किए जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।