मनमाने तरीके से खाद की बिक्री रोकने के लिए शुक्रवार को कृषि विभाग के अफसरों ने 67 दुकानों पर छापे मारे। लापरवाही मिलने पर दो दुकानों को निरस्त, एक दुकान को निलंबित कर दिया गया। साथ ही तीन दुकानों की बिक्री पर रोक लगा दी गई।
उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी सतीश पांडेय और एसडीओ मनोज गौतम की तीन अलग अलग टीमों ने 67 दुकानों पर छापेमारी की।
खाद की बिक्री का कोई हिसाब न होने, कागज न दिखा पाने के चलते कमलेश गुप्ता खाद भंडार कठवारा, शर्मा ट्रेडर्स हरचंदपुर की दुकान को निरस्त कर दिया गया।
चौधरी खाद भंडार सरायं मुबारक, शिवकुमार रायबरेली, मंगल खाद भंडार सतांव की दुकान में मनमानी मिलने पर नोटिस जारी किया गया। मौर्या खाद भंडार की दुकान को निलंबित कर दिया गया है।
मुन्ना खाद भंडार हरचंदपुर, दशरथलाल गुप्ता खाद भंडार कोरिहर, किसान सेवा केंद्र महराजगंज से बिक्री पर रोक लगा दी गई है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जांच के लिए 22 नमूने भरे गए हैं।