रायबरेली। लालगंज-फतेहपुर रोड स्थित दो सड़का के निकट जय ढाबा पर 18 अक्तूबर की रात दो ड्राइवरों के बीच हुए झगड़े के बाद एक ड्राइवर भागते समय कुछ दूर पर स्थित एक पुराने सूखे गहरे कुएं में गिर गया।
उसका पीछा कर रहे लोगों को जब वह नहीं मिला तो, सोचा कहीं छिप गया होगा और लौट आए। रविवार दोपहर बाद जानवर चरा रहे कुछ लोगों को आहट मिली तो सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो कुएं मेें किसी के होने का पता चला और फायर ब्रिगेड को बुलाकर रेस्क्यू कराया गया। पूरे तीन घंटे चले अभियान के बाद ड्राइवर सकुशल बाहर निकाल सीएचसी लाया गया।
जहां से गंभीर उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जय ढाबा के निकट शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे एक डंपर दो सड़का से लालगंज की ओर आ रहा था। उसी समय ट्रैक्टर अचानक बाई मुड़ गया।
रोकते-राकते डंपर ट्रैक्टर से टकरा गया। इसी बात को लेकर दोनों वाहनों के ड्राइवरों के बीच झगड़ा हो गया। डरकर डंपर का ड्राइवर कानपुर के गांव मटियामउ थाना अकबरपुर निवासी बहारअली (30) पुत्र हसन अली ढाबे के पीछे की ओर भागने लगा।
अंधेरा होने के कारण वह एक सूखे 70 फिट गहरे कुएं में जा गिरा। उधर पीछा करने वालों को जब वह नहीं मिला, तो कहीं छिप गया होगा यह सोचकर वह लौट आए। उधर डंपर और उसके क्लीनर चांद बाबू को ट्रैक्टर वालों ने रोके रखा।
दूसरे दिन डंपर वाले आए और समझौता करके डंपर और क्लीनर को लेकर चले गए। उन्होंने भी ड्राइवर को ढूंढने की जरूरत नहीं समझी। जब डंपर चालक रविवार को घर नहीं पहुंचा और घरवालों को पूरी बात पता चली तो उसका भाई अनवर ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस का दावा है कि अनवर की सूचना के बाद उसने खोजबीन कर कुएं में गिरे ड्राइवर का पता लगाया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह का कहना है कि रेस्क्यू अभियान चलाकर ड्राइवर को जिला अस्पताल भेज दिया गया।