रायबरेली। जिले में नवोदय विद्यालय की तर्ज पर अटल आवासीय स्कूल के खुलने का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने सांसद सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में इस विद्यालय के निर्माण को लेकर हरी झंडी दे दी है।
अब स्कूल निर्माण के आगे की प्रक्रिया जिला प्रशासन ने तेज कर दी है। इस स्कूल के खुलने से रायबरेली ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जनपदों के बच्चों को भी अच्छी शिक्षा मिल सकेगी।
केंद्र सरकार की ओर से अटल आवासीय स्कूल खोलने की कवायद यहां शुरू की गई है। केंद्र सरकार के निर्देश के बाद यूपी सरकार ने जिला प्रशासन को जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए थे।
काफी प्रयास के बाद शहर से आठ किलोमीटर दूर मटिहा ग्रामसभा के तहत लगने वाले कोडर गांव के पास ग्राम समाज की खाली पड़ी करीब साढ़े 22 बीघा जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव को शासन को भेजा गया था।
शासन ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। इससे रायबरेली शहर में अटल आवासीय स्कूल खोलने की प्रक्रिया में और तेजी आ गई है।
प्राथमिक स्कूल मटिहा से निकला मार्ग सीधे कोडर गांव जाता है।
गांव के पास ही इस जमीन को सदर तहसील प्रशासन ने चिह्नित किया है। मौजूदा समय में यहां पर जंगल है। रायबरेली जिले में मौजूदा समय में एक ही नवोदय विद्यालय है।
अटल आवासीय विद्यालय के बनने से न सिर्फ रायबरेली, बल्कि पड़ोसी जनपद फतेहपुर, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़ जिलों के बच्चों को भी इसका लाभ मिल सकेगा। वह अच्छी शिक्षा हासिल कर सकेंगे।
अफसरों के मुताबिक अन्य स्कूलों की अपेक्षा अटल आवासीय स्कूल हाईटेक होगा। इसे बेहतर ढंग से बनाया जाएगा, जो देखने में भी आकर्षक होगा। यहां खेलने के लिए स्टेडियम व पार्क बनाया जाएगा।
बच्चों के रहने के लिए सभी सुविधाओं से युक्त भवन तैयार कराए जाएंगे। पेयजल, कैंटीन आदि की पूरी व्यवस्था होगी। डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि शहर से सटे कोडर गांव में अटल आवासीय विद्यालय बनाने के लिए जमीन चिह्नित कर इसका प्रस्ताव बनाकर मंडलायुक्त के पास भेजा गया था।
अब मंडलायुक्त ने यहां पर अटल आवासीय विद्यालय बनाने के लिए हरी झंडी दे दी है। स्कूल खोलने के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्कूल खोलने से यहां पर बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सकेगी।