रायबरेली। कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए फिर दो दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। इससे जिले में प्री-प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षण संस्थान तक 26 एवं 27 दिसंबर को बंद रहेंगे। कोचिंग संस्थान व तकनीकी शिक्षा संस्थान भी नहीं खुलेेंगे। अफसरों ने आदेश का कड़ाई से अनुपालन करने की हिदायत दी है। आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की बात भी कही है।
जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मालवीय और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह ने 26 एवं 27 दिसंबर को अवकाश घोषित किए जाने का आदेश जारी कर दिया। डीआईओएस ने सभी बोर्डों के शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन स्कूल-कॉलेजों, डिग्री कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं संचालकों को जारी आदेश में कहा कि 27 दिसंबर तक सभी शैक्षिक संस्थान बंद रहेंगे।
इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक तथा अन्य तकनीकी शिक्षा संस्थान में भी अवकाश रहेगा। आदेश का कड़ाई से अनुपालन किया जाए। बीएसए ने बताया कि प्री-प्राइमरी से इंटरमीडिएट तक सभी बोर्डों और सभी माध्यमों के स्कूल-कॉलेजों में 26 एवं 27 दिसंबर को अवकाश रहेगा। कोहरे की वजह से ट्रेनों का संचालन पटरी से उतरा हुआ है। लगभग सभी पैसेंजर ट्रेनें निरस्त चल रही हैं।
कई एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन भी स्थगित किया गया है, जिससे यात्रियों को काफी दुश्वारी हो रही है। जो ट्रेनें चल रही हैं, वे भी समय से नहीं आ रही हैं। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली गाड़ी संख्या 13006 पंजाब मेल लगभग साढ़े तीन घंटे और मेरठ से इलाहाबाद लौटने वाली गाड़ी संख्या 14512 नौचंदी एक्सप्रेस लगभग दो घंटे की देरी से यहां पहुंची। इंटरसिटी ट्रेनें भी विलंब से चल रही हैं। यात्रियों को ठंड में ठिठुरना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि लंबी दूरी की ट्रेनें पिछले स्टेशनों से ही लेट हो जा रही हैं।