सलोन (रायबरेली)। सलोन इलाके में बुधवार रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की तरफ से की गई फायरिंग में दो पशु तस्कर घायल हो गए और एक भाग निकला। तस्करों की फायरिंग में पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा के मुताबिक 15 मई को सलोन इलाके में संरक्षित पशु का सिर मिला था। मामले में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया था।
बुधवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि सलोन ब्लॉक के पीछे तालाब के किनारे कुछ लोग संरक्षित पशु का वध रहे हैं। सलोन कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की तरफ से भी जवाबी फायरिंग की गई। इस दौरान से दिलशाद के दाहिने पैर और मो. शहबान निवासी सलोन कस्बा के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों जमीन पर गिर पड़े। वहीं सलोन के अतानगर निवासी रमजान अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
एएसपी के मुताबिक घायलों को सीएचसी ले जाकर इलाज कराया गया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक संरक्षित पशु, 315 बोर के दो तमंचे, चाकू व बाका बरामद किया गया है। आरोपी दिलशाद के खिलाफ गैंगेस्टर अधिनियम समेत कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह गैंग का मुखिया है।